रिपोर्ट राजेश कुमार यादव
ग्रेटर नोएडा : भारत में दहेज प्रथा सदियों से चली आ रही है। उसकी रोकथाम के लिए कानून भी बनाए गए हैं। 21वीं सदी में भी दहेज लोभियों का लालच कम होने का नाम नहीं ले रहा है। एक मामले में शादी में 10 लाख रुपए ना देने पर ग्रेटर नोएडा के एक परिवार ने कानपुर की रहने वाली एक युवती का रिश्ता ठुकरा दिया। आरोप है कि शादी 2023 में तई हुई थी। दहेज की मांग पूरी ना होने पर दूल्हा बारात लेकर ही नहीं पहुंचा। इस मामले में पीड़िता ने राज्य महिला आयोग में शिकायत की है। इसके बाद सूरजपुर कोतवाली थाना क्षेत्र पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस को दी शिकायत में कानपुर निवासी मीना अवस्थी ने बताया कि उसकी शादी ग्रेटर नोएडा के पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसायटी में रहने वाले अभिषेक मिश्रा के साथ तय हुई थी। 24 मार्च 2023 को ग्रेटर नोएडा के जगन्नाथ मंदिर में उनकी सगाई भी हुई। शादी से पहले अभिषेक मिश्रा के परिवार ने दहेज न लेने का वादा किया था। सगाई के बाद 11 जून 2023 को ग्रेटर नोएडा के उत्तम होटल में शादी होनी थी। लड़की के पिता ने होटल की बुकिंग भी कर दी। इसके लिए उन्होंने 4 लाख 52 हजार रुपए एडवांस में जमा कर दिए थे। शादी के कार्ड छप गए थे। रिश्तेदारों को न्योता भी जा चुका था। आरोप है कि 29 मई को अभिषेक मिश्रा की मां मीना मिश्रा और छोटे भाई अभिनव मिश्रा ने फोन कर कहा कि वह कोई दहेज नहीं मांग रहे हैं। इसीलिए शादी का पूरा खर्चा तुम्हें खुद उठाना होगा। इसके लिए उन्हें 10 लाख रुपए की मांग की। पिता ने जब इतनी बड़ी रकम देने से इनकार कर दिया तो अभिषेक और उसके परिजनों ने कहा कि पैसे नहीं मिले तो शादी नहीं हो पाएगी।
महिला आयोग में शिकायत की
पीड़िता ने पूरी घटना की शिकायत लखनऊ पहुंचकर उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग से की। महिला आयोग के निर्देश पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपी अभिषेक मिश्रा उसके भाई और मां समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सूरजपुर थाना प्रभारी पुष्पराज ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।।