गाजियाबाद : गाजियाबाद के थाना लिंक रोड क्षेत्र में एक निर्माणाधीन फैक्ट्री में सोमवार रात एक लेबर कॉन्ट्रेक्टर की ईंट से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड को फैक्ट्री में काम करने वाले एक लेबर ने अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि पैसों को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद लेबर ने कॉन्ट्रेक्टर की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी लेबर को गिरफ्तार कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
यह है पूरा मामला
एसीपी साहिबाबाद रजनीश उपाध्याय ने बताया कि मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि थाना लिंक रोड क्षेत्र साइट-4 में एक निर्माणाधीन फैक्ट्री की छत पर एक शव पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। जांच में मृतक की पहचान 25 वर्षीय तनवीर निवासी शामली उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में फैक्ट्री में मौजूद मजदूर भूरा ने बताया कि सोमवार रात तनवीर और निसार के बीच झगड़ा हुआ था। जिसके बाद निसार ने तनवीर की ईंट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी निसार को गिरफ्तार कर लिया है।
खर्चे के पैसों को लेकर हुआ था विवाद
निसार से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि ठेकेदार ने निसार को लेबर हेड बनाया था। सभी मजदूरों को वेतन लेबर कॉन्ट्रेक्टर तनवीर ही देता था। सोमवार की रात तनवीर और निसार के बीच खर्च के पैसों को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद निसार ने पास पड़ी ईंट से तनवीर पर हमला कर दिया। घटना में तनवीर की मौके पर ही मौत हो गई और निसार फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी निसार को गिरफ्तार कर लिया।