पीलीभीत से राजेश कुमार यादव की रिपोर्ट
पीलीभीत।उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में खुदाई के दौरान भगवान विष्णु की मूर्ति निकली है।मूर्ति निकलते ही वहां लोगों की भीड़ जुट गई।लोगों ने पूजा-अर्चना भी शुरू कर दी है।हालांकि मूर्ति कितने साल पुरानी है इसका अभी पता नहीं चल सका है।
हो रहा था निर्माण कार्य
मामला जिले के पूरनपुर थाना क्षेत्र के गांव चांट फिरोजपुर का है। यहां पानी की टंकी बनाने का काम चल रहा है।मजदूर खुदाई में लगे हुए थे तभी अचानक गड्ढे में एक पीली धातु दिखाई दी।मजदूरों ने आसपास की मिट्टी को हटाया तो वे चौंक गए।वहां एक सोने की भगवान विष्णु की मूर्ति निकली, जिसके बाद मजदूरों ने काम करना बंद कर दिया और आसपास रह रहे लोगों तक ये बात पहुंच गई।इसके बाद पूजा-पाठ भी शुरू हो गया।मूर्ति देखकर अब लोग मंदिर बनाने की बात कर रहे हैं।
पूजा करने में जुटे लोग
गांव चांट फिरोजपुर के निवासी रामप्रवेश राठौर ने बताया कि गांव वालों की सुविधा के लिए यहां पानी टंकी का निर्माण करवाया जा रहा था।इसी खुदाई के दौरान ये मूर्ति मिली।फिर यहां लोगों का तांता लग गया।लोगों ने भगवान विष्णु की पूजा अर्चना शुरू कर दी है।