रिपोर्ट राजेश कुमार यादव
नोएडा : नोएडा से इस समय की बड़ी खबर सामने आ रही है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बरौला में हुए मेहंदी हसन हत्याकांड में 5 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। इसमें बरौला चौकी इंचार्ज और सेक्टर-49 थाना प्रभारी भी शामिल हैं। पुलिस कमिश्नर ने सेक्टर-49 थाना प्रभारी राम प्रकाश को सस्पेंड करके उनके स्थान पर अनुज कुमार सैनी को नया कोतवाली प्रभारी बनाया है।
कैसे हुई मेहंदी हसन की हत्या
दरअसल, शनिवार (19 जनवरी 2023) की रात दो बदमाशों ने पहले एक युवक को चाकू मारकर घायल किया। फिर बाइक से बांधकर पूरे गांव में घसीटा था। इतना ही नहीं उसके बाद दोनों बदमश लाश को लिए बरौला चौकी पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि जख्मी युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया था। इस मामले में पुलिस ने मुठभेड़ में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
ई-रिक्शा चलाता था मेहंदी हसन
मृतक की पहचान मेहंदी हसन के रूप में हुई है। जानकारी मिलने के बाद उसकी पत्नी और बेटा पुलिस चौकी पर पहुंचे। पत्नी ने पुलिस को बताया कि वह मूलरूप से जिला बदायूं के इस्लानगर के गांव मोहन नगला के रहने वाले हैं। पिछले कई सालों से नोएडा में रह रहे हैं। उनके 4 बच्चे हैं, मेहंदी हसन ई-रिक्शा चलाकर गुजारा कर रहा था। रोज की तरह शनिवार को भी वह ई-रिक्शा चलाने के लिए गया था। उसके एक घंटे बाद सूचना मिली कि किसी ने उन्हें चाकू से मारकर घायल कर दिया गया है। बाइक से पैर बांधकर कर घसीटा गया है। जानकारी मिलने के बाद वह अपने बेटे के साथ बरौला चौकी पहुंची। वहां पर भी खून पड़ा हुआ था। पति की खौफनाक मौत के बाद वह सदमे में है ।।