रिपोर्ट राजेश कुमार यादव
नोएडा : उत्तर प्रदेश राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरफ से निर्देशित किया गया कि लगातार तीन बार से अधिक चालान वाले अभियोग में चालक के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किया जाए। इस आदेश के क्रम में यातायात पुलिस ने 1 जनवरी वर्ष 2022 से 30 नवंबर 2023 तक कुल 2 लाख 19 हजार 606 ऐसे वाहनों को चिन्हित किया है, जिनके चालकों ने तीन या तीन से अधिक बार यातायात नियमों का उल्लंघन किया है। इस सिलसिले में गौतमबुद्ध नगर की यातायात पुलिस ने 2 लाख 19 हजार 606 वाहन चालकों के लाइसेंस निरस्त करने के लिए परिवहन विभाग को पत्र लिखा है।
यातायात नियम का किया उल्लंघन
डीसीपीअनिल यादव ने बताया कि कमिश्नरेट गौतम बुद्ध नगर में रजिस्टर्ड कुल 96,890 वाहन चालकों ने तीन या तीन से अधिक बार यातायात नियम का उल्लंघन किया है। इसके अलावा 1,22,716 वाहन अन्य प्रांतो में रजिस्टर्ड है। उन्होंने बताया कि 96,890 वाहनों में से 12,482 ऐसे वाहन चालक हैं, जिन्होंने 10 या 10 से अधिक बार यातायात का उल्लंघन एक वर्ष के अंदर किया है। उन्होंने बताया कि 1042 ऐसे वाहन है जिनके चालकों द्वारा 30 या 30 से अधिक बार यातायात नियमों का उल्लंघन एक वर्ष के अंतर्गत किया गया है।
वाहन के रजिस्ट्रेशन को निरस्त
उन्होंने कहा कि वाहन चालक से यह पूछा जाएगा की नियम का उल्लंघन करते समय वाहन कौन चला रहा था। अगर वाहन चालक खुद चला रहा था तो उसका ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किया जाएगा। अगर वह किसी और व्यक्ति का नाम बतायेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अगर वाहन चालक संतोषजनक जवाब नहीं देगा तो वाहन के रजिस्ट्रेशन को निरस्त किया जाएगा। वही, संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन सियाराम वर्मा ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर कार्रवाई की एआरटीओ विभाग ने तैयारी कर ली है।